रायपुर। राजधानी रायपुर में एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मार्च महीने की शुरुआत के साथ जारी नए रेट ने आम उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है।
ताजा दरों के अनुसार अब 14.2 किलो का घरेलू गैस सिलेंडर 984 रुपये में मिलेगा। वहीं 5 किलो का छोटा घरेलू सिलेंडर 342.50 रुपये का हो गया है।
व्यावसायिक उपयोग के लिए आने वाले सिलेंडरों की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर अब 2,085.50 रुपये में मिलेगा, जबकि 47.5 किलो का बड़ा कमर्शियल सिलेंडर 4,850.50 रुपये का हो गया है।
दरअसल, मार्च की शुरुआत में एलपीजी की कीमतों में संशोधन किया गया है। इसके तहत घरेलू सिलेंडर के दाम में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। वहीं 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 144 रुपये का इजाफा किया गया है।
कीमतों में इस बढ़ोतरी का असर सिर्फ घरेलू उपभोक्ताओं तक ही सीमित नहीं रहेगा। होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और अन्य छोटे व्यापारिक प्रतिष्ठानों की लागत भी बढ़ेगी। ऐसे में आने वाले समय में खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है।



