सुकमा शहर में एक संदिग्ध संक्रमित कुत्ते ने आतंक मचा दिया। बीते शुक्रवार से शनिवार सुबह तक यह आवारा कुत्ता नगर के अलग-अलग इलाकों में घूमता रहा और अचानक राहगीरों पर हमला करता रहा। इस दौरान कुत्ते ने करीब 25 लोगों को काटकर घायल कर दिया। हमले में महिलाएं, बुजुर्ग और मासूम बच्चे भी इसकी चपेट में आए।
कुत्ते के हमले से कई लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जिन्हें तत्काल परिजनों और स्थानीय नागरिकों की मदद से जिला अस्पताल सुकमा पहुंचाया गया। शनिवार सुबह भी स्थिति बिगड़ गई, जब कुत्ते ने चार से पांच और लोगों को काट लिया। इससे पूरे क्षेत्र में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही नगरपालिका और स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। नगरपालिका की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी प्रयासों के बाद कुत्ते को काबू में लिया। अधिकारियों के मुताबिक, कुत्ते को निगरानी और इलाज के लिए सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी घायलों को समय पर रेबीज रोधी टीके और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने की पुष्टि की है। वहीं, नगरपालिका प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने, बच्चों को अकेले बाहर न भेजने और किसी भी संदिग्ध जानवर की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की है। कुत्ते के पकड़े जाने के बाद हालात सामान्य बताए जा रहे हैं, हालांकि लोगों में भय अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।



