बेमेतरा में धान घोटाले का खुलासा: संग्रहण केंद्र से 16.62 करोड़ का 53 हजार क्विंटल धान गायब, प्रभारी निलंबित

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में धान खरीदी व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जिले के सरदा–लेंजवारा धान संग्रहण केंद्र से लगभग 16.62 करोड़ रुपये मूल्य का 53 हजार 639 क्विंटल धान गायब पाए जाने का मामला सामने आया है। घोटाले के उजागर होते ही जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संग्रहण केंद्र प्रभारी को निलंबित कर दिया है।

यह मामला खरीफ विपणन वर्ष 2024–25 से जुड़ा हुआ है। प्रशासनिक रिकॉर्ड के अनुसार, सरदा–लेंजवारा संग्रहण केंद्र में कुल 12 लाख 72 हजार 389 क्विंटल धान का भंडारण दर्शाया गया था। कलेक्टर के निर्देश पर धान की भौतिक सत्यापन और गुणवत्ता जांच के लिए एक संयुक्त जांच दल गठित किया गया, जिसमें राजस्व, खाद्य विभाग, मार्कफेड, नागरिक आपूर्ति निगम, सहकारिता, कृषि उपज मंडी समिति और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के अधिकारी शामिल थे।

जांच के दौरान संग्रहण केंद्र में धान के ढेर अव्यवस्थित पाए गए और बोरों का रख-रखाव मानकों के अनुरूप नहीं था। ऑनलाइन दर्ज स्टॉक और मौके पर मौजूद धान की मात्रा में बड़ा अंतर सामने आया, जिससे गड़बड़ी की पुष्टि हुई।

संयुक्त जांच दल की रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि धान मोटा 4,209 क्विंटल और धान सरना 49,430 क्विंटल, कुल मिलाकर 53,639.22 क्विंटल धान की कमी है। यदि धान की अनुमानित दर 3,100 रुपये प्रति क्विंटल मानी जाए, तो यह घोटाला करीब 16 करोड़ 62 लाख रुपये का बनता है।

रिपोर्ट के आधार पर जिला विपणन अधिकारी बेमेतरा ने संग्रहण केंद्र प्रभारी नितीश पाठक और संबंधित क्षेत्र सहायक को पद से हटाते हुए निलंबन और विभागीय जांच के आदेश जारी किए हैं। वहीं, प्रशासनिक कार्यों के संचालन हेतु हेमंत कुमार देवांगन को नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।

भौतिक सत्यापन में यह भी सामने आया कि सरदा और लेंजवारा केंद्रों में कुल 11,648 क्विंटल धान ही मौके पर मौजूद था, जिसमें से लगभग 3,000 क्विंटल धान का उठाव पहले ही किया जा चुका है। शेष धान के उठाव की प्रक्रिया फिलहाल जारी है।

जांच के दौरान यह गंभीर खामी भी उजागर हुई कि धान का भंडारण निर्धारित मानकों के विपरीत प्लास्टिक बोरों में किया गया था। इन सभी अनियमितताओं को विभागीय जांच में शामिल किया गया है और आगे सख्त कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment