रायपुर एयरपोर्ट पर तकनीकी खराबी से फंसी एयर इंडिया फ्लाइट, सांसदों समेत यात्री घंटों रहे अंदर बंद

Madhya Bharat Desk
1 Min Read

रायपुर एयरपोर्ट पर रविवार रात एक एयर इंडिया फ्लाइट में तकनीकी खामी के चलते यात्रियों को करीब एक घंटे से ज्यादा समय तक विमान के अंदर फंसे रहना पड़ा। यह फ्लाइट रात 8:15 बजे दिल्ली से रवाना हुई थी और लगभग 10:05 बजे रायपुर पहुंची। लैंडिंग के बाद डोर लॉक सिस्टम में खराबी आने से यात्री बाहर नहीं निकल सके।

सूत्रों के मुताबिक, विमान में कांग्रेस महासचिव और सांसद के.सी. वेणुगोपाल समेत कई सांसद सवार थे। वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया पर बताया कि उड़ान के दौरान टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा और लैंडिंग के बाद दरवाजा न खुलने से स्थिति और कठिन हो गई। इस दौरान क्रू मेंबर्स लगातार यात्रियों को शांत कराते रहे और इसे ‘सिक्योरिटी ऑपरेशन’ बताया।

आमतौर पर लैंडिंग के कुछ मिनट बाद विमान का दरवाजा खोल दिया जाता है, लेकिन इस मामले में दरवाजा करीब 11:13 बजे खुल सका। यात्रियों को सीट पर इंतजार करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, उड़ान भरते समय भी विमान में हल्की तकनीकी समस्या आई थी, लेकिन पायलट और क्रू ने स्थिति को नियंत्रित कर यात्रा पूरी की। अंततः एयर इंडिया इंजीनियरिंग टीम ने लॉकिंग सिस्टम को ठीक किया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment