रायपुर। छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में ‘विश्व बाघ दिवस’ (Global Tiger Day) उत्साह के साथ मनाया गया। बाघों और दूसरे वन्यजीवों के संरक्षण को लेकर वन विभाग ने प्रदेश के अलग-अलग राष्ट्रीय उद्यानों, टाइगर रिजर्व और अभ्यारण्यों में कई जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने प्रदेशवासियों से जंगल और वन्यप्राणियों की सुरक्षा के लिए आगे आकर भागीदारी निभाने की अपील की है।

प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में 29 जुलाई को कई प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए गए।
गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व में सुरक्षा गश्त और संरक्षण की शपथ
नवनवेले गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व के सोनहत, रामगढ़, कमर्जी, जनकपुर और रिहंद रेंज के अलग-अलग स्कूलों में विश्व बाघ दिवस के मौके पर विशेष कार्यक्रम हुए।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, शिक्षकों और स्कूली बच्चों ने बाघों के संरक्षण की शपथ ली। स्कूलों में चित्रकला और क्विज प्रतियोगिताएं भी कराई गईं, जिसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार दिए गए। बाघ संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए लोगों को ‘टाइगर पेपर मास्क’ भी बांटे गए।


वन्यजीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टाइगर रिजर्व के संवेदनशील इलाकों में एंटी-स्नेर वॉक यानी शिकार रोधी अभियान चलाया गया। इसके साथ ही डॉग स्क्वॉड टीम के साथ सघन पेट्रोलिंग भी की गई।
उत्तर उदंती में सायकल रैली और मूवी स्क्रीनिंग
उत्तर उदंती परिक्षेत्र के शासकीय हाई स्कूल बड़गांव में भी विश्व बाघ दिवस का कार्यक्रम उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में परिक्षेत्र अधिकारी, वन विभाग का अमला, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए।
छात्रों ने चित्रकला, निबंध लेखन और क्विज प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। बच्चों को पर्यावरण और वन्यजीवों के महत्व के बारे में समझाने के लिए विशेष मूवी स्क्रीनिंग रखी गई। इसके साथ ही पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए सायकल रैली भी निकाली गई।


इस दौरान विशेषज्ञों ने जंगल, पर्यावरण और वन्यप्राणियों के संरक्षण को लेकर बच्चों और लोगों से चर्चा की।
नंदनवन जंगल सफारी पहुंचे 250 एनसीसी कैडेट्स
विश्व बाघ दिवस के मौके पर रायपुर के नंदनवन जंगल सफारी में भी खास कार्यक्रम देखने को मिला। लाखोली में आयोजित एनसीसी प्रशिक्षण शिविर में शामिल विभिन्न जिलों के करीब 250 एनसीसी कैडेट्स शैक्षणिक भ्रमण के लिए जंगल सफारी पहुंचे।
कैडेट्स ने सफारी में वन्यजीवों को करीब से देखा और विश्व बाघ दिवस के कार्यक्रमों में शामिल होकर वन्यजीव संरक्षण का संदेश दिया।
बारनवापारा अभ्यारण्य में वृक्षारोपण और मैदानी अमले का सम्मान
बारनवापारा अभ्यारण्य में भी विश्व बाघ दिवस पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ मनाया गया। अभ्यारण्य क्षेत्र के स्कूलों में बच्चों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिताएं कराई गईं। इसके साथ ही बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया।


बाघों और जंगलों की सुरक्षा में तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए M-STrIPES पेट्रोल ऐप के जरिए सबसे ज्यादा पैदल गश्त करने वाले जांबाज BFO और CFO को वन विभाग ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने वन विभाग के मैदानी अमले और स्कूली बच्चों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध जैव-विविधता हमारी धरोहर है। तकनीक और जनभागीदारी को साथ लेकर प्रदेश में बाघों और दूसरे वन्यजीवों के लिए सुरक्षित माहौल तैयार करने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।







