रायपुर।छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बंगाल और ओडिशा में बने मौसम सिस्टम के असर से रायपुर, बस्तर और दुर्ग संभाग में तेज बारिश होने की चेतावनी दी गई है। लगातार बारिश के चलते कई नदियां उफान पर हैं और डैमों से भी पानी छोड़ा जा रहा है।
लगातार हो रही बारिश के बीच गरियाबंद में एक परिवार बाढ़ के पानी में फंस गया, जिसे नगर सेना की टीम ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं सारंगढ़ में चार दिन बाद नाले में बहे दंपती के शव बरामद किए गए हैं। सिकासार और सोंढूर डैम से पानी छोड़ा गया है, जबकि कई इलाकों में जलभराव के साथ बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से बेवजह यात्रा करने से बचने और हालात को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है।





