लगातार बारिश से छत्तीसगढ़ में बाढ़ जैसे हालात, राजिम के कुलेश्वरनाथ मंदिर में वर्षों बाद चढ़ा पानी

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। गरियाबंद, रायपुर और दंतेवाड़ा समेत कई इलाकों में नदी-नाले उफान पर हैं, जबकि प्रशासन ने निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

गरियाबंद जिले में पिछले 60 घंटे से लगातार हो रही बारिश के चलते सिकासेर जलाशय से 60 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इसके बाद राजिम धाम के त्रिवेणी संगम स्थित प्रसिद्ध बाबा कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में वर्षों बाद पानी चढ़ गया है। मंदिर तक पानी पहुंचने का दृश्य देखने बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग पहुंच रहे हैं।

बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। नदी किनारे बसे गांवों और निचली बस्तियों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है।

इधर, पैरी नदी के उफान पर होने से नेशनल हाईवे-130सी पर पिछले 24 घंटे से वाहनों की आवाजाही प्रभावित है। पंटोरा के पास सड़क पर जलभराव होने से रायपुर-गरियाबंद मार्ग पर बसों और अन्य वाहनों का संचालन रोक दिया गया है। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग कर मार्ग बंद कर दिया है।

वहीं दंतेवाड़ा जिले में भी लगातार बारिश का असर देखने को मिल रहा है। भैरमगढ़ क्षेत्र के पातरपारा में पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण आवागमन बाधित हो गया है। प्रशासन ने लोगों से जोखिम न लेने और जलमग्न पुलों को पार नहीं करने की अपील की है।

राजधानी रायपुर में भी लगातार बारिश से खारुन नदी का जलस्तर बढ़ गया है। महादेव घाट स्थित नदी पर बने पुल तक पानी पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जिससे नदी-नालों का जलस्तर और बढ़ सकता है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment