कोरबा।छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। दुष्कर्म की पीड़िता ने बांकीमोंगरा थाना में पदस्थ एक हवलदार पर अभद्र व्यवहार, चरित्र हनन और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने इस पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दर्ज कराई है।
पीड़िता के मुताबिक, उसकी पहचान बलगी निवासी विनोद कश्यप (21 वर्ष) से मोबाइल फोन के जरिए हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो आगे चलकर प्रेम संबंध में बदल गई। आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी से साफ इनकार कर दिया।
पीड़िता की शिकायत पर 12 नवंबर 2025 को बांकीमोंगरा थाना में आरोपी विनोद कश्यप के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया। हालांकि, पीड़िता का आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद पुलिस की ओर से कई दिनों तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
मामले की स्थिति जानने के लिए पीड़िता 10 दिसंबर को थाना पहुंची थी, जहां उसकी मुलाकात हवलदार राजेश कंवर से हुई। पीड़िता का आरोप है कि हवलदार ने उसे ही घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया और उसके चरित्र पर सवाल उठाते हुए आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। इतना ही नहीं, गाली-गलौज करते हुए उसे उल्टे मामले में फंसाकर जेल भेजने की धमकी भी दी गई।
बताया जा रहा है कि इस मामले में आरोपी युवक को न्यायालय से जमानत मिल चुकी है। हवलदार के कथित व्यवहार से मानसिक रूप से आहत पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि पीड़िता की शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत में कार्रवाई में लापरवाही का उल्लेख किया गया है। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारी को मामले की जांच कर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, पुलिसकर्मी पर लगाए गए आरोपों की भी विभागीय जांच की जाएगी।






