रायपुर। छत्तीसगढ़ के पिथौरा (जिला महासमुंद) निवासी प्रेम राजन रौतिया ने एसबीकेएफ इंटरनेशनल गेम्स 2024 में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-30 वर्ग में 735 किलोग्राम भार उठाकर स्वर्ण पदक हासिल किया है। यह प्रतियोगिता 31 अगस्त से 4 सितंबर तक नेपाल के पोखरा में आयोजित की गई थी।
स्वर्ण पदक विजेता रौतिया ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से भेंट की। मुख्यमंत्री ने उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई दी और कहा कि “छत्तीसगढ़ के युवाओं की यह सफलता पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। हमारे युवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का परचम लहरा रहे हैं।”
मुख्यमंत्री ने प्रेम राजन की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
इस मौके पर छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा, खेमराज बाकरे और मेहर रविदास समाज के कई प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। सभी ने प्रेम राजन रौतिया को सम्मानित करते हुए उनके इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।







