सुकमा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षाबलों को एक अहम कामयाबी हाथ लगी है। गोलापल्ली थाना क्षेत्र के दुर्गम जंगल-पहाड़ी इलाके में गुरुवार को हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने तीन माओवादियों को मार गिराया। घटनास्थल से हथियारों की भी बरामदगी की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार माओवादियों की सक्रिय मौजूदगी की खुफिया सूचना के आधार पर सुकमा जिला रिजर्व गार्ड (DRG) की टीम ने गुरुवार तड़के सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। अभियान के दौरान सुबह से ही सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से हथियार और अन्य सामग्री बरामद की गई है। हालांकि मारे गए माओवादियों की शिनाख्त और जब्त सामग्री का विस्तृत विवरण ऑपरेशन समाप्त होने के बाद साझा किया जाएगा।
पूरे अभियान की निगरानी स्वयं सुकमा पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण कर रहे हैं। मुठभेड़ के बाद इलाके में अतिरिक्त बलों की तैनाती कर सर्च ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके।
गौरतलब है कि बीते दो वर्षों में माओवादी संगठन को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है। इस दौरान शीर्ष नेताओं समेत 500 से अधिक माओवादी विभिन्न मुठभेड़ों में मारे जा चुके हैं, जिससे संगठन की गतिविधियों पर गहरा असर पड़ा है।






