चिल्फी में अवैध अकसा मस्जिद पर चला बुलडोजर, 2019 के प्रस्ताव पर उठे सवाल

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

चिल्फी।‘मिनी कश्मीर’ के नाम से पहचानी जाने वाली पर्यटन नगरी चिल्फी में प्रशासन ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। वर्ष 2019 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान पारित एक प्रस्ताव के आधार पर बने निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने वर्तमान गृह मंत्री विजय शर्मा से शिकायत की थी। शिकायत के बाद प्रशासन हरकत में आया और एसडीएम तथा पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में अवैध ढांचे को हटाया गया।

चिल्फी क्षेत्र आदिवासी बाहुल्य होने के साथ-साथ प्रदेश और कई जिलों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण केंद्र बिंदु है। इसी कारण यहां समय-समय पर अवैध गतिविधियों और कारोबारों के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई होती रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शांत और संवेदनशील क्षेत्र में अवैध निर्माण भविष्य में कानून-व्यवस्था की चुनौती बन सकता था।

बताया जा रहा है कि चिल्फी घाटी, जो प्राकृतिक सौंदर्य और आदिवासी संस्कृति के लिए जानी जाती है, वहां आदिवासी समाज के आराध्य भगवान बिरसा मुंडा की भव्य प्रतिमा स्थापना की मांग लंबे समय से की जा रही थी।

इस संबंध में भाजपा मंडल के उपाध्यक्ष प्रकाश धारवैया ने बयान जारी करते हुए कहा कि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल पर प्रशासन द्वारा अवैध कब्जा हटाया गया है और अब इसी स्थान पर भगवान बिरसा मुंडा की भव्य प्रतिमा स्थापित किए जाने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। इससे आदिवासी समाज की सांस्कृतिक पहचान और सम्मान को मजबूती मिलेगी।

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण रही और किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। प्रशासन की मौजूदगी में नियमानुसार कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment