राजधानी रायपुर में गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर 18 से 22 दिसंबर 2025 तक प्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा मेगा हेल्थ कैंप-2025 आयोजित किया जा रहा है। यह विशाल स्वास्थ्य शिविर आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहेगा।
आयोजकों के अनुसार, इस ऐतिहासिक स्वास्थ्य अभियान के लिए अब तक 18 हजार से अधिक लोगों ने पंजीयन करा लिया है, जिससे यह आयोजन राज्य के सबसे बड़े हेल्थ कैंप के रूप में सामने आया है।
एक ही परिसर में जांच से लेकर इलाज तक की सुविधा
मेगा हेल्थ कैंप के संयोजक एवं पश्चिम विधायक राजेश मुणत ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य मरीजों को इलाज के लिए अलग-अलग जगह भटकने से राहत देना है। शिविर में मरीजों की जांच, परामर्श और इलाज की पूरी व्यवस्था एक ही स्थान पर क्रमबद्ध रूप से की गई है।
प्रतिदिन लगभग 8 से 10 हजार मरीजों की जांच का लक्ष्य रखा गया है। देशभर से आए विशेषज्ञ डॉक्टर और छत्तीसगढ़ के नामचीन अस्पतालों के चिकित्सक नि:शुल्क सेवाएं प्रदान करेंगे।
ब्रेस्ट कैंसर जांच पर विशेष फोकस
महिलाओं में बढ़ते ब्रेस्ट कैंसर मामलों को देखते हुए इस बार दिल्ली से विशेष मशीन और मेडिकल टीम बुलाई गई है। किसी भी महिला में समस्या पाए जाने पर तुरंत इलाज और परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
आज होगा भव्य उद्घाटन
आयुर्वेदिक कॉलेज में आयोजित मेगा हेल्थ कैंप का शुभारंभ 18 दिसंबर 2025 को सुबह 11 बजे गुरु घासीदास जयंती के पावन अवसर पर किया जाएगा। उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, केदार कश्यप सहित अनेक मंत्री, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
42 अस्पतालों के 55 विशेषज्ञ देंगे सेवाएं
मेगा हेल्थ कैंप-2025 में देश के 42 प्रतिष्ठित अस्पतालों से जुड़े 55 विशेषज्ञ डॉक्टर अपनी सेवाएं देंगे। इनमें—
- एलोपैथी: 31 विशेषज्ञ (हृदय, छाती, किडनी, पेट, हड्डी, कैंसर, न्यूरोलॉजी, यूरोलॉजी, डायबिटिक फुट)
- होम्योपैथी: 10 विशेषज्ञ
- आयुर्वेद: 14 विशेषज्ञ
देशभर से पहुंचे नामी डॉक्टर
कैंप की विशेषता यह है कि इसमें मुंबई, दिल्ली, हैदराबाद, सिकंदराबाद, नागपुर, अहमदाबाद, बैंगलोर और गुजरात-महाराष्ट्र सहित कई राज्यों से आए ख्यातिप्राप्त डॉक्टर सेवाएं दे रहे हैं। हृदय, कैंसर, न्यूरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, किडनी, छाती रोग और डायबिटिक फुट जैसी गंभीर बीमारियों का नि:शुल्क परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।







