महासमुंद में बोर्ड परीक्षा के दौरान एक परीक्षा केंद्र का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। भंवरपुर स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय परीक्षा केंद्र में लापरवाही सामने आने के बाद DPI (लोक शिक्षण संचालनालय) ने केंद्र अध्यक्ष, सहायक केंद्र अध्यक्ष और पर्यवेक्षक समेत कुल 5 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है।
क्या हुआ था मामला?
जानकारी के मुताबिक परीक्षा केंद्र क्रमांक 171031 (स्वामी आत्मानंद स्कूल, भंवरपुर) में सुरक्षा जांच में बड़ी चूक हो गई। एक छात्रा इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस यानी डिजिटल कैमरा लेकर परीक्षा कक्ष में पहुंच गई। उसी कैमरे से उसने परीक्षा हॉल की वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग कर ली, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। इस घटना के बाद शिक्षा विभाग की काफी किरकिरी हुई।
जांच में क्या सामने आया?
जिला शिक्षा अधिकारी की शुरुआती जांच में पाया गया कि परीक्षा केंद्र पर तैनात कर्मचारियों ने अपने काम में गंभीर लापरवाही बरती। इसी आधार पर संचालनालय, लोक शिक्षण छत्तीसगढ़ ने इसे नियमों का उल्लंघन और गंभीर अनुशासनहीनता माना।
कौन-कौन निलंबित हुए?
- गंगा प्रसाद पटेल – व्याख्याता (केंद्र अध्यक्ष)
- अनिरुद्ध भोई – व्याख्याता (सहायक केंद्र अध्यक्ष)
- दिनेश कुमार दास – व्याख्याता (सहायक केंद्र अध्यक्ष)
- दुर्गाप्रसाद पटेल – सहायक शिक्षक (पर्यवेक्षक)
- विजिया बुड़ेक – भृत्य
निलंबन के दौरान सभी का मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, महासमुंद तय किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। साथ ही विभाग ने आदेश दिया है कि 7 दिनों के भीतर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ आरोप पत्र तैयार कर भेजा जाए।



