नई दिल्ली। सीबीएसई ने 12वीं कक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। लंबे समय से इंतजार कर रहे छात्रों का इंतजार अब खत्म हो गया है। छात्र अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट, डिजीलॉकर, उमंग ऐप, एसएमएस और IVRS के जरिए देख सकते हैं।
इस साल सीबीएसई 12वीं का कुल पास प्रतिशत 85.20% रहा है, जो पिछले साल के 88.39% से थोड़ा कम है। इस बार कुल 15,07,109 छात्रों ने परीक्षा पास की है। पिछले साल की तुलना में इस बार पास होने वाले छात्रों की संख्या में भी हल्की गिरावट देखी गई है।
लड़कियों ने एक बार फिर बाजी मारी है। इस साल 88.86% छात्राएं पास हुई हैं, जबकि छात्रों का पास प्रतिशत 82.13% रहा। दोनों के बीच करीब 6.73% का अंतर देखने को मिला।
बोर्ड के अनुसार इस साल 17 लाख से ज्यादा छात्रों ने परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 15 लाख से अधिक सफल हुए हैं। इस बार पहली बार ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली को लागू किया गया, जिससे मूल्यांकन प्रक्रिया को डिजिटल बनाया गया।
ऐसे चेक करें रिजल्ट
छात्र इन तरीकों से अपना रिजल्ट देख सकते हैं—
- cbse.gov.in और results.cbse.nic.in वेबसाइट पर
- डिजीलॉकर ऐप और वेबसाइट पर
- उमंग ऐप पर
- SMS के जरिए
- IVRS कॉल सिस्टम से
पासिंग क्राइटेरियापास होने के लिए हर विषय में कम से कम 33% अंक जरूरी हैं। प्रैक्टिकल और थ्योरी दोनों में अलग-अलग पास होना जरूरी है। अगर कोई छात्र एक या दो विषय में फेल हो जाता है तो वह कंपार्टमेंट परीक्षा देकर उसी साल पास हो सकता है। कंपार्टमेंट परीक्षा जून में होने की संभावना है।



