छत्तीसगढ़ में 3 दिसंबर को होने वाले भारत–दक्षिण अफ्रीका (IND-SA) क्रिकेट मैच को लेकर छात्रों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। लेकिन टिकटों की सीमित उपलब्धता और ऊंची कीमतों से विद्यार्थी परेशान हैं। इसी मुद्दे को उठाते हुए NSUI ने सरकार और खेल विभाग से स्थानीय छात्रों के लिए 15% फ्री टिकट आरक्षित करने की मांग तेज कर दी है।
एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष अमित शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग के डिप्टी डायरेक्टर रविकांत अग्रवाल को ज्ञापन सौंपकर कहा कि 65,000 क्षमता वाले स्टेडियम में केवल 1500 टिकट ही छात्रों के लिए जारी किए गए हैं, वह भी 800 रुपये की दर से। छात्रों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में पढ़ने वाले युवाओं के लिए यह राशि और उपलब्ध सीटें पर्याप्त नहीं हैं।
संगठन का तर्क है कि प्रदेश में 50 लाख से अधिक छात्र पढ़ाई कर रहे हैं और बड़ी संख्या में युवा अंतरराष्ट्रीय मैच को प्रत्यक्ष देखने का सपना रखते हैं। इस मौके पर उन्हें प्रेरित करने और खेल भावना को बढ़ावा देने के लिए सरकार को कम से कम 10,000 टिकट (स्टेडियम क्षमता का 15%) निशुल्क उपलब्ध कराना चाहिए।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि 48 घंटे के अंदर छात्रों की मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे स्टेडियम का घेराव करेंगे और विरोध करेंगे। साथ ही आगामी दिनों में वे CSCS अध्यक्ष से भी मुलाकात कर छात्रों को प्राथमिकता देने की दिशा में आग्रह करेंगे।







