रायपुर में युवक की हत्या: पत्नी के अवैध संबंधों का राज खुला तो बांधकर बोरी में फेंका शव

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मजदूर रामा माड़े की बेरहमी से हत्या कर उसका शव बोरी में भरकर फेंक दिया गया। पुलिस ने चंद घंटों में सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

पत्नी के अवैध संबंध बने हत्या की वजह

पुलिस के अनुसार रविवार की रात कृष्णा बंजारे ने अपनी पत्नी सोनम को युवक रामा माड़े के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। गुस्से में कृष्णा ने पास में रखे लकड़ी के बत्ते से रामा के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद सोनम और कृष्णा ने अपने रिश्तेदार रामकृष्ण उर्फ राजाराम को बुलाया।

तीनों ने मिलकर शव के हाथ-पैर रस्सी से बांधे, चेहरे पर कपड़ा लपेटा और बोरी में डालकर मोटरसाइकिल से रावाभांठा स्थित मिलाल बाड़ा के पीछे सुनसान प्लॉट में फेंक दिया।

बोरी में शव मिलने से मची सनसनी

सोमवार सुबह जब बोरी में शव बरामद हुआ तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। खमतराई और उरला पुलिस के साथ एंटी क्राइम व साइबर यूनिट की टीम ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण से मृतक की पहचान रामा माड़े (23) निवासी मलकानगिरी, ओडिशा (वर्तमान में रावाभांठा मेटल पार्क में मजदूरी करता था) के रूप में हुई।

पत्नी ने कबूला जुर्म

जांच के दौरान शक की सुई सोनम बंजारे पर गई। हिरासत में लेने पर उसने पूरा राज खोल दिया और बताया कि रामा से उसके अवैध संबंध थे। पूछताछ के बाद कृष्णा बंजारे, रामकृष्ण उर्फ राजाराम और सोनम बंजारे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

अहम सबूत बरामद

पुलिस ने आरोपितों से मृतक का मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त लकड़ी का बत्ता और मोटरसाइकिल बरामद की है। अधिकारियों ने बताया कि यह पूरा मामला अवैध संबंधों के विवाद से जुड़ा है, जिसमें आरोपी पति ने पत्नी और रिश्तेदार के साथ मिलकर युवक की हत्या की साजिश रची थी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment