छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले की परतें लगातार खुलती जा रही हैं। जांच में तेजी लाते हुए आर्थिक अपराध अन्वेषण विंग (EOW) की टीम ने रायपुर के पिथालिया कॉम्प्लेक्स में स्थित करण ट्रेवल्स के दफ्तर पर सोमवार को छापेमारी की।
सूत्र बताते हैं कि जांच के दौरान टीम को कई संवेदनशील दस्तावेज मिले, जिनमें वरिष्ठ अधिकारियों, प्रमुख राजनेताओं और संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों की देश–विदेश की हवाई यात्राओं और होटल बुकिंग का विस्तृत रिकॉर्ड शामिल है।
मिल्ली जानकारी के अनुसार, इन यात्राओं में कश्मीर, उदयपुर और तिरुपति जैसे पर्यटन स्थलों का विस्तृत ट्रैवल हिस्ट्री भी दर्ज है। अधिकारियों को संदेह है कि इन महंगी यात्राओं का खर्च शराब घोटाले में हुए कथित अवैध धन से नकद भुगतान कर किया गया हो सकता है।
EOW ने जब्त दस्तावेज़ों को जांच के लिए सुरक्षित कर लिया है और पूरी टीम अब रिकॉर्ड की गहन पड़ताल में जुटी है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।



