रायपुर। राजधानी रायपुर की यातायात व्यवस्था को लेकर एक बड़ा और ऐतिहासिक फैसला सामने आया है। रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल के नेतृत्व में जून 2026 से कुम्हारी टोल प्लाजा को पूरी तरह बंद करने का निर्णय लिया गया है। इस फैसले से रोजाना टोल जाम और शुल्क से परेशान लाखों नागरिकों को स्थायी राहत मिलेगी।
गुरुवार को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), राज्य हाईवे, लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के बाद सांसद अग्रवाल ने इस निर्णय की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दुर्ग–आरंग बायपास के शुरू होते ही कुम्हारी टोल प्लाजा को बंद कर दिया जाएगा। साथ ही मार्च 2026 के बाद टोल से संबंधित किसी भी नए टेंडर को जारी नहीं करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
बैठक में यह भी बताया गया कि अक्टूबर 2026 से भारतमाला परियोजना के तहत प्रस्तावित एक्सप्रेस-वे के शुरू होने से रायपुर को एक आधुनिक और तेज कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे औद्योगिक विकास, व्यापार और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
राजधानी के इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में चल रही सड़क, ओवरब्रिज, अंडरपास और एलिवेटेड रोड परियोजनाओं की गहन समीक्षा की। कचना में निर्माणाधीन ओवरब्रिज को मार्च 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए। वहीं तेलीबांधा से जोरा ओवरब्रिज को VIP रोड से जोड़ने और भनपुरी से जोरा तक रेलवे लाइन के किनारे एलिवेटेड रोड का प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।
इसके अलावा मुंबई–नागपुर समृद्धि एक्सप्रेस-वे को रायपुर तक विस्तारित करने और रायपुर से लखनादौन (सिमगा और कवर्धा होते हुए) नई सड़क कनेक्टिविटी पर कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए। रायपुर–बलौदाबाजार–सारंगढ़ मार्ग के उन्नयन की भी समीक्षा की गई।
जाम और दुर्घटनाओं से राहत की तैयारी
VIP चौक और रिंग रोड पर लगने वाले जाम को देखते हुए सर्विस रोड हटाने, कमल विहार समेत अन्य क्षेत्रों में ग्रेड सेपरेटर बनाने, रिंग रोड नंबर-1 पर डीडीयू नगर के पास अंडरपास और महावीर नगर से VIP रोड होते हुए अमलीडीह तालाब पर पुल निर्माण की योजना पर चर्चा हुई।
पंडरी क्षेत्र में यातायात दबाव को कम करने के लिए खालसा कॉलेज से मोवा तक लगभग 4.5 किलोमीटर लंबे पुल के प्रस्ताव और अमलेश्वर से कुम्हारी तक खारुन नदी के किनारे सड़क निर्माण जैसे अहम विषयों पर भी बैठक में मंथन हुआ। बलौदाबाजार क्षेत्र में सीमेंट फैक्ट्रियों से जुड़े भारी वाहनों के कारण हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए डेडीकेटेड कॉरिडोर बनाने के निर्देश भी दिए गए।
सांसद का संकल्प
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजधानीवासियों को ट्रैफिक जाम, पार्किंग समस्या और सड़क दुर्घटनाओं से राहत दिलाने के लिए एक समग्र और समयबद्ध योजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि लंबित और स्वीकृत परियोजनाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा कराया जाएगा और आवश्यक मुद्दों को आगामी लोकसभा सत्र में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा।
उन्होंने दोहराया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से रायपुर को आधुनिक, सुरक्षित और जाम-मुक्त राजधानी बनाने का संकल्प पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा किया जाएगा। कुम्हारी टोल प्लाजा का बंद होना इसी दिशा में एक निर्णायक कदम माना जा रहा है।



