रायपुर।छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की समय-सीमा दो दिन बढ़ाए जाने के फैसले पर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार के प्रति संतोष जताया है। सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा यह निर्णय किसानों की सुविधा को ध्यान में रखकर लिया गया है, जिससे शेष किसान भी अपना धान बेच सकें।
भूपेश बघेल ने कहा कि इसी विषय को लेकर उन्होंने आज ही मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर धान खरीदी की अवधि बढ़ाने की मांग की थी। ऐसे में सरकार द्वारा त्वरित निर्णय लेने पर उन्होंने मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी साफ शब्दों में कहा कि सरकार को किसानों से धान का एक-एक दाना खरीदना चाहिए। उन्होंने चेताया कि यदि धान खरीदी की प्रक्रिया में किसी प्रकार की आंकड़ों की हेराफेरी या दिखावटी आंकड़ों का सहारा लिया गया, तो कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर सड़कों से लेकर सदन तक आवाज़ बुलंद करेगी।



