फेल करने की धमकी देकर छात्रा से अश्लील फोटो मांग रहा था शिक्षक, अब पहुंचा जेल

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

कांकेर।छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से गुरु-शिष्य के रिश्ते को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। पखांजूर क्षेत्र के मरोड़ा हाई स्कूल में पदस्थ एक शिक्षक ने छात्रा को परीक्षा में फेल करने की धमकी देकर उससे अश्लील फोटो और वीडियो मांगे। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मामला 16 अगस्त का बताया जा रहा है। स्कूल में गणित की अतिरिक्त कक्षा के दौरान शिक्षक आशीष मंडल (30) ने छात्रा का मोबाइल नंबर लिया। इसके बाद वह व्हाट्सएप पर छात्रा को अश्लील मैसेज और वीडियो भेजने लगा। आरोप है कि शिक्षक छात्रा पर न्यूड फोटो भेजने का दबाव बना रहा था और बात नहीं मानने पर परीक्षा में फेल करने की धमकी देता था।

लगातार परेशान किए जाने के बाद छात्रा ने पूरी बात अपने परिजनों को बताई। इसके बाद 20 अगस्त को छात्रा की मां ने बांदे थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और 21 अगस्त की शाम आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

पखांजूर एसडीओपी कुलदीप बंजारे के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75, पॉक्सो एक्ट की धारा 12 और आईटी एक्ट की धारा 67(A) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में कांकेर जिला जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment