भिलाई।सुपेला थाना क्षेत्र में चेन स्नैचिंग की दो वारदातों का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे एक युवक और युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों पैसों की जरूरत और अपने खर्च पूरे करने के लिए महिलाओं से चेन झपटने की वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी स्कूटी से सुबह के समय इलाके में निकलते थे। युवती स्कूटी चलाती थी, जबकि युवक पीछे बैठकर मौका मिलते ही पैदल टहल रही महिलाओं के गले से चेन खींच लेता था। इसके बाद दोनों तेज रफ्तार से मौके से फरार हो जाते थे।
बुजुर्ग महिलाओं को बनाते थे निशाना
पहली वारदात 31 जुलाई को प्रियदर्शनी परिसर में हुई थी। यहां 62 वर्षीय महिला गीता देवी सुबह करीब 6:32 बजे घर के बाहर टहल रही थीं। इसी दौरान स्कूटी सवार युवक-युवती ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली।
इसके बाद 20 सितंबर को नेहरू नगर ईस्ट स्थित विद्या विहार कॉलोनी में भी इसी तरह की वारदात सामने आई। लगातार हुई घटनाओं के बाद सुपेला पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंची।
हेलमेट और स्कार्फ से पहचान छिपाने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी पहचान छिपाने के लिए हेलमेट पहनते थे और चेहरे पर कपड़ा या स्कार्फ बांधते थे। उन्हें भरोसा था कि इस वजह से पुलिस उन्हें पहचान नहीं पाएगी, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी पहचान कर ली गई।
पूछताछ में आरोपियों ने दोनों वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर सोने की चेन का हिस्सा और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की है।
दोनों आरोपी इंजीनियरिंग के छात्र
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की नायक और तरुणा सिन्हा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, विक्की नायक मध्य प्रदेश के बालाघाट का रहने वाला है और वर्तमान में दुर्ग के तितुरडीह में रह रहा था। वहीं, तरुणा सिन्हा राजनांदगांव की रहने वाली है और तितुरडीह में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।





