नोएडा।सेक्टर-119 स्थित अरण्या सोसायटी में सोमवार सुबह 21वें फ्लोर पर बने एक फ्लैट में अचानक आग लग गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, फ्लैट में लगे एयर कंडीशनर (AC) में ब्लास्ट होने के बाद आग भड़की।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया गया। फिलहाल आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है।
अभी तक किसी के घायल होने या हताहत होने की खबर नहीं है।
गौतमबुद्ध नगर के चीफ फायर ऑफिसर और स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद हैं। दोनों टीमें राहत और बचाव कार्य के साथ-साथ आग बुझाने की पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
नोएडा पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-113 थाना क्षेत्र में आने वाली अरण्या सोसायटी के एक फ्लैट में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी।






