कबीरधाम जिले में मानसून आने से पहले ही रेत माफिया ने नदियों को अपनी कमाई का जरिया बना लिया है। इसी बीच जिला प्रशासन और खनिज विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए पंडरिया ब्लॉक के ग्राम खरहट्टा में करीब 40 लाख रुपए की अवैध रेत जब्त की है।
टीम ने ग्राम खरहट्टा में दबिश देकर हाफ नदी से अवैध तरीके से निकाली गई 2660 घनमीटर रेत जब्त की। यह मात्रा करीब 1000 ट्रैक्टर-ट्रॉली के बराबर बताई जा रही है। आमतौर पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 100 घनफीट (लगभग 2.83 घनमीटर) रेत आती है, जिसकी बाजार कीमत 4 से 5 हजार रुपए तक होती है। इसी हिसाब से जब्त रेत की कुल कीमत 40 लाख रुपए से ज्यादा आंकी गई है।
इन पर हुई कार्रवाई
- रामेश्वर चंद्राकर: इनके कब्जे से सबसे ज्यादा 1000 घनमीटर (करीब 353 ट्रैक्टर-ट्रॉली) रेत मिली। अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपए।
- धर्मेंद्र चंद्राकर: इनके पास से 750 घनमीटर रेत जब्त हुई। बाजार मूल्य करीब 11.25 लाख रुपए।
- मुन्ना चंद्राकर: इनके ठिकाने से 450 घनमीटर रेत मिली। कीमत लगभग 6.75 लाख रुपए।
- पंकज चंद्राकर: इनके यहां से 350 घनमीटर रेत जब्त हुई। कीमत करीब 5.25 लाख रुपए।
- विष्णु चंद्राकर: इनके पास से 110 घनमीटर रेत मिली। बाजार मूल्य करीब 1.65 लाख रुपए बताया गया।
बड़ा सवाल: क्या असली सरगनाओं तक पहुंचेगी जांच?
जिले में अवैध रेत के खिलाफ यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। लेकिन अब लोगों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या जांच सिर्फ इन पांच लोगों और जब्त रेत तक सीमित रहेगी, या फिर इस पूरे खेल के पीछे बैठे बड़े संरक्षकों और नेटवर्क तक भी कार्रवाई पहुंचेगी।
वनांचल इलाका बना माफिया का गढ़
यह कार्रवाई इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि कबीरधाम जिले में लंबे समय से अवैध उत्खनन और रेत परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। खासकर रेंगाखार और पंडरिया के वनांचल क्षेत्र रेत माफिया के बड़े ठिकाने बन चुके हैं। यहां रात-दिन नदियों और नालों से अवैध उत्खनन किया जा रहा है।
एक ही गांव में 1000 ट्रैक्टर-ट्रॉली के बराबर अवैध रेत का स्टॉक मिलना साफ दिखाता है कि जिले में रेत माफिया का नेटवर्क कितना मजबूत है।
संजय महोबिया, तहसीलदार (पंडरिया) ने कहा, “ग्राम खरहट्टा के पांच लोगों के खिलाफ अवैध रेत भंडारण के मामले में सख्त कार्रवाई की गई है। खनिज विभाग के नेतृत्व में हुई इस संयुक्त कार्रवाई में राजस्व और पुलिस विभाग की टीम भी शामिल रही।”






