‘भाजपा नेता के खेत में उग रही थी अफीम?’ भूपेश बघेल ने सरकार से पूछे 5 बड़े सवाल, मामले में नेता निलंबित

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

छत्तीसगढ़ में भाजपा नेता के खेत में कथित अफीम की खेती को लेकर सियासत तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दुर्ग जिले के समोदा गांव में भाजपा नेता के खेत में अफीम की खेती की जा रही थी और यह मामला सूखे नशे के बड़े नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है।

अपने पोस्ट में बघेल ने कहा कि कुछ दिन पहले विधानसभा में उन्होंने सूखे नशे के विषय पर गृहमंत्री विजय शर्मा से सवाल किए थे, लेकिन स्पष्ट जवाब नहीं मिला। उन्होंने दावा किया कि सूखे नशे की तस्करी से जुड़ा नाम नव्या मलिक सरकार की सूची में शामिल ही नहीं था, जिससे कई सवाल खड़े होते हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार से पांच बड़े सवाल पूछे हैं। उन्होंने पूछा है कि अफीम की इस खेती में किन-किन मंत्री और अधिकारियों की भूमिका है, नव्या मलिक का नाम सरकार की सूची से किसने हटाया, वह कितनी बार विदेश गई और किन लोगों के साथ गई। इसके अलावा उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि भाजपा नेता विनायक ताम्रकार मुख्यमंत्री निवास में कब-कब पहुंचे और उनके किन नेताओं व अधिकारियों से संबंध हैं।

इधर, इस मामले में पुलिस की कार्रवाई भी सामने आई है। दुर्ग जिले के समोदा क्षेत्र में शिवनाथ नदी के किनारे स्थित खेत में छापा मारकर अफीम की अवैध खेती का खुलासा किया गया। अधिकारियों के अनुसार करीब 1.5 से 7 एकड़ क्षेत्र में अफीम के पौधे लगाए गए थे। बताया जा रहा है कि इस फसल को मक्के की फसल के बीच छिपाकर उगाया गया था ताकि किसी को संदेह न हो।

मामले में पुलिस ने भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के साथ उनके बेटे और एक अन्य व्यक्ति बृजेश ताम्रकार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस खेती के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

उधर मामला सामने आने के बाद भाजपा संगठन ने भी कार्रवाई करते हुए विनायक ताम्रकार को पार्टी पद से निलंबित कर दिया है। पार्टी ने इसे अनुशासनहीनता और संगठन की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला कृत्य बताया है।

फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment