दल्ली राजहरा से बिलासपुर सीधी ट्रेन सेवा की मांग, कांग्रेस ने रेलवे GM को सौंपा ज्ञापन

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

दल्ली राजहरा। आज दोपहर दल्ली राजहरा रेलवे स्टेशन में बिलासपुर जोन के महाप्रबंधक तरूण प्रकाश पहुंचे। इस दौरान मंडल कांग्रेस कमेटी उत्तर क्षेत्र दल्ली राजहरा के प्रतिनिधिमंडल ने नगरवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्हें एक मांग पत्र सौंपा।

ज्ञापन में दल्ली राजहरा से बिलासपुर तक सीधी ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इससे नगर के लोगों को बिलासपुर हाईकोर्ट और छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े रेलवे जोन मुख्यालय तक सीधे पहुंचने की सुविधा मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि दल्ली राजहरा से रेलवे को अच्छा-खासा राजस्व मिलता है, इसलिए यहां से बिलासपुर तक सीधी ट्रेन सेवा जल्द शुरू की जानी चाहिए।

इसके अलावा सप्ताह में तीन दिन चलने वाली डेमू पैसेंजर ट्रेन को सातों दिन चलाने की मांग भी रखी गई। साथ ही दुर्ग से सुबह 7 बजे रवाना होने वाली साउथ बिहार एक्सप्रेस को दल्ली राजहरा से सुबह 5:50 बजे चलने वाली डेमू ट्रेन से जोड़ने की मांग की गई। नेताओं का कहना है कि इससे टाटानगर, झारखंड और बिहार जाने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी और वे आसानी से साउथ बिहार एक्सप्रेस का लाभ उठा सकेंगे।

यह मांग पत्र उत्तर मंडल अध्यक्ष विवेक मसीह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शीबू नायर, पूर्व जिला संयुक्त महामंत्री विजय जोगदंड, सेक्टर अध्यक्ष एवं पूर्व एल्डरमैन प्रमोद तिवारी, मंडल उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार बबलू और मंडल महामंत्री सुरेश कुमार ठाकुर ने सौंपा।

जोन महाप्रबंधक तरूण प्रकाश ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक रूप से संज्ञान में लेने की बात कही। उन्होंने अपने साथ आए रायपुर डीआरएम दयानंद को भी इन मांगों पर जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक, रेलवे अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment