गिरिराज सिंह के रायपुर दौरे में विकास, संगठन और पर्यावरण पर फोकस, सांसद बृजमोहन रहे साथ

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह के दो दिवसीय रायपुर दौरे का समापन शनिवार को हुआ। इस दौरान उन्होंने रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के साथ कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री से मुलाकात, विकास के मुद्दों पर चर्चा

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी मौजूद रहे। बैठक में प्रदेश के विकास कार्यों और विशेष जनसंपर्क अभियान से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से मिले, योगदान को सराहा

अभियान के तहत गिरिराज सिंह और सांसद बृजमोहन अग्रवाल जनसंघ काल से भाजपा के लिए कार्य करने वाले वरिष्ठ कार्यकर्ता अप्पा खरे के निवास पहुंचे। दोनों नेताओं ने उनसे और उनके परिवारजनों से मुलाकात कर उनका सम्मान किया। इस अवसर पर बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का अनुभव और मार्गदर्शन संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। कार्यक्रम में विधायक राजेश मूणत, भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी और जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर भी उपस्थित रहे।

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में किया पौधारोपण

दौरे की शुरुआत रायपुर स्थित ऑक्सीजोन गार्डन में पौधारोपण कार्यक्रम से हुई। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधे लगाए। इस मौके पर सांसद अग्रवाल ने कहा कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ माताओं के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की यह पहल अब जनभागीदारी का बड़ा अभियान बन चुकी है।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जा रही है, साथ ही संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं के योगदान को भी सम्मान दिया जा रहा है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment