अभिजीत दीपके ने दिल्ली से सरकार को क्या कहा?

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

नई दिल्ली।व्यंग्यात्मक सोशल मीडिया अभियान के रूप में शुरू हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) अब सड़क पर आंदोलन का रूप लेती दिखाई दे रही है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके शनिवार सुबह अमेरिका से दिल्ली पहुँचे और सीधे जंतर-मंतर पहुँचे, जहाँ उन्होंने सरकार और मौजूदा राजनीति पर तीखे सवाल उठाए।

जंतर-मंतर पर मौजूद भीड़ और मीडिया को संबोधित करते हुए अभिजीत दीपके ने कहा कि पिछले कई दिनों से लोग सोशल मीडिया पेज की उपयोगिता पर सवाल उठा रहे थे, लेकिन अब यह ज़मीन पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने दावा किया कि “अगले एक-दो दिनों में लाखों छात्र इस आंदोलन से जुड़ेंगे।”

दीपके ने कहा, “यह कोई योजनाबद्ध पार्टी नहीं है, बल्कि हर उस छात्र की आवाज़ है जो सरकार से नाराज़ है। पिछले दस–बारह वर्षों से लोगों को हिंदू–मुसलमान की राजनीति में उलझाकर रखा गया, लेकिन इससे देश को रोज़गार या समाधान नहीं मिला।”

उन्होंने आगे कहा कि आंदोलन का मुख्य मुद्दा शिक्षा व्यवस्था है और कॉकरोच जनता पार्टी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है। साथ ही उन्होंने समर्थकों से अपील की कि आंदोलन को “प्रेम और शांति के साथ आगे बढ़ाया जाए।”

जंतर-मंतर पर सुरक्षा और भीड़

जंतर-मंतर पर इस समय सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बड़ी संख्या में युवा, छात्र और मीडिया कर्मी मौके पर मौजूद हैं। भीड़ लगातार बढ़ती हुई दिखाई दे रही है।

सूत्रों के अनुसार, लद्दाख के पर्यावरण कार्यकर्ता और शिक्षाविद सोनम वांगचुक ने पहले आशंका जताई थी कि अभिजीत दीपके की हवाई अड्डे पर गिरफ्तारी हो सकती है। हालांकि सीजेपी के आधिकारिक सामाजिक मीडिया खाते पर जारी तस्वीर में दावा किया गया है कि दीपके सुरक्षित रूप से हवाई अड्डे से निकलकर दिल्ली पहुँच चुके हैं।

राजनीतिक प्रतिक्रियाएँ और माहौल

जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा के बीच कुछ राजनीतिक संगठनों के समर्थक भी पहुँचे, जिन्हें पुलिस ने प्रदर्शन स्थल से दूर कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक और सोशल मीडिया दोनों जगह बहस तेज हो गई है।

सीजेपी ने अपने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) खाते ‘कॉकरोच इज़ बैक’ पर लिखा कि वे शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लेकर रहेंगे और इस व्यंग्यात्मक अभियान को एक बड़े आंदोलन में बदलने का दावा किया है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment