यूथ कांग्रेस सदस्यता अभियान में छिंदवाड़ा सबसे पीछे, सिर्फ 3287 सदस्य जुड़े, पांढुर्ना आगे

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

दो विधानसभा वाला पांढुर्ना जिला सबसे आगे, यहां बने 4401 सदस्य

यूथ कांग्रेस की ताज़ा सदस्यता सूची में छिंदवाड़ा जिला सबसे पीछे रह गया है। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ का गढ़ माने जाने वाला यह जिला राजनीतिक रूप से मजबूत होने के बावजूद सदस्यता अभियान में कमजोर साबित हुआ। 5 विधानसभाओं वाले जिले में महज 3287 नए सदस्य जुड़े, जबकि सिर्फ 2 विधानसभा वाले पांढुर्ना जिले में 4401 सदस्य बनाए गए।
यह सदस्यता अभियान एक माह तक चला, जिसमें जिला और ब्लॉक स्तर के नेताओं को जिम्मेदारियां दी गईं, लेकिन उम्मीद के मुताबिक परिणाम नहीं मिले।

पड़ोसी जिले सदस्यता में आगे
सदस्यता के आंकड़े बताते हैं कि पड़ोसी बैतूल जिले में 55,000 से अधिक और सिवनी में 41,241 नए सदस्य बनाए गए। वहीं, करसिंहपुर में 31,778 युवाओं ने यूथ कांग्रेस की सदस्यता ली।

नए जिले भी आगे
छिंदवाड़ा के लिए चिंता की बात यह है कि पांढुर्ना समेत प्रदेश के कई नए जिले भी इससे आगे निकल गए। मैहर में 21,000, उमरिया में 13,000, निवाड़ी में 12,000, मऊगंज में 7,000, आगर मालवा में 16,000, अलीराजपुर में 10,000, अनूपपुर में 14,000 और बड़वानी में 11,000 से अधिक नए सदस्य जुड़े।

पिछड़ने की वजहें

  • जून मध्य से जुलाई मध्य तक चले ऑनलाइन सदस्यता अभियान में ब्लॉक स्तर पर मॉनीटरिंग कमजोर रही।
  • प्रति सदस्य 50 रुपये शुल्क जमा करने की शर्त पर गंभीरता नहीं दिखाई गई।
  • जिला और विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए प्रतिस्पर्धा न होना भी कारण बना।
  • युवा नेताओं ने सक्रियता नहीं दिखाई।
  • प्रदेश महासचिव पद के उम्मीदवारों ने भी वोटिंग बढ़ाने के लिए सदस्य संख्या में खास वृद्धि नहीं की।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment