7 जनवरी को रायपुर आएंगे सचिन पायलट, मनरेगा आंदोलन की समीक्षा के साथ संगठन पर रहेगा फोकस

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट 7 जनवरी को एक दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस दौरान वे प्रदेशभर में मनरेगा को लेकर चल रहे कांग्रेस के आंदोलन की समीक्षा करेंगे। साथ ही हाल ही में नियुक्त जिलाध्यक्षों से मुलाकात कर संगठनात्मक स्थिति का फीडबैक लेंगे।

बताया जा रहा है कि पायलट का यह दौरा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। बैठक के दौरान नवनियुक्त जिलाध्यक्षों की भूमिका, जिम्मेदारियों और आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।

सूत्रों का कहना है कि जिलाध्यक्षों की ट्रेनिंग, संगठनात्मक मजबूती और आने वाले चुनावी माहौल को देखते हुए आगे की कार्ययोजना भी तय की जा सकती है। मनरेगा को लेकर कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी आंदोलन के बीच यह दौरा राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

26 नवंबर को छत्तीसगढ़ का पिछला दौरा

इससे पहले सचिन पायलट 26 नवंबर को दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आए थे। उस दौरान उन्होंने प्रदेश में चल रहे SIR अभियान की समीक्षा की थी और संविधान बचाओ दिवस से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लिया था।

26 नवंबर को रायपुर पहुंचने के बाद वे सीधे धमतरी रवाना हुए थे, जहां संविधान बचाओ दिवस के कार्यक्रम में शामिल हुए और SIR अभियान को लेकर समीक्षा बैठक की। इसके बाद वे कांकेर पहुंचे, जहां पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक समीक्षा की गई।

कांकेर से देर शाम वे जगदलपुर पहुंचे थे। अगले दिन यानी 27 नवंबर को उन्होंने वहां SIR अभियान की विस्तृत समीक्षा की और मीडिया से बातचीत के बाद दिल्ली रवाना हो गए थे।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि छत्तीसगढ़ में संगठन की मजबूती और आगामी रणनीति को लेकर सचिन पायलट का 7 जनवरी का दौरा कांग्रेस के लिए काफी अहम साबित हो सकता है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment