सुकमा (छत्तीसगढ़)।छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले से बुधवार को एक बड़ी सफलता सामने आई है। यहां कुल 26 हार्डकोर माओवादियों ने सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इन माओवादियों पर कुल 64 लाख रुपये का इनाम घोषित था, जिनमें 7 महिला नक्सली भी शामिल हैं।
आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली माड़ डिविजन, पीएलजीए (पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी) और जिले के विभिन्न इलाकों में सक्रिय थे। ये माओवादी सुकमा, ओडिशा और माड़ क्षेत्र में हुई कई नक्सली घटनाओं में शामिल रह चुके हैं।
इस मौके पर सुकमा एसपी किरण चव्हाण ने बताया कि सभी आत्मसमर्पित माओवादियों को राज्य शासन की पुनर्वास नीति के तहत सभी सुविधाएं दी जाएंगी। साथ ही उन्होंने जंगलों में सक्रिय अन्य नक्सलियों से भी हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने की अपील की।







