रायपुर। दीपावली से ठीक पहले राजनांदगांव में ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा) और एसीबी (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो) की संयुक्त टीम ने सर्राफा व्यापारी के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने नंदई चौक स्थित मकान और गुडाखु लाइन क्षेत्र में स्थित मोहनी ज्वेलर्स के मालिक जसराज बैद के प्रतिष्ठान पर छापा मारा।
चार गाड़ियों में पहुंची जांच टीम सुबह से ही व्यापारी के घर और दुकान में तलाशी अभियान चला रही है। अधिकारियों ने वहां मौजूद नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और लेन-देन से जुड़े कई अहम दस्तावेजों को कब्जे में लिया है।
सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई प्रदेशभर में चल रहे ईओडब्ल्यू-एसीबी के ऑपरेशन का हिस्सा है, जिसके तहत सर्राफा कारोबार में संभावित अनियमितताओं की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि अन्य जिलों में भी इस तरह की छापेमार कार्रवाई की तैयारी चल रही है।
फिलहाल टीम द्वारा जब्त की गई सामग्री और बरामद दस्तावेजों की जांच जारी है। आधिकारिक जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही साझा की जाएगी।



