गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में कैम्पा फंड घोटाला: 14.77 लाख की हेराफेरी, शाखा प्रभारी निलंबित

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

गौरेला पेंड्रा मरवाही में वन विभाग के कैम्पा कामों में बड़ा घोटाला सामने आया है। जांच में पता चला है कि साल 2022 में वृक्षारोपण कार्यों के लिए गोबर खाद खरीद के नाम पर करीब 14.77 लाख रुपये का फर्जीवाड़ा किया गया है। इस मामले के बाद विभाग ने कैम्पा शाखा प्रभारी भूपेंद्र कुमार साहू को निलंबित कर दिया है।

यह पूरा मामला गौरेला पेंड्रा मरवाही के बिलासपुर वन वृत्त से जुड़ा है, जहां कैम्पा मद से चल रहे पौधारोपण कार्यों में अनियमितताएं सामने आईं।

जांच रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि गोबर खाद की खरीद के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर 14 लाख 77 हजार 600 रुपये का भुगतान निकाला गया। इसमें कूटरचित प्रमाण पत्र और गलत रिकॉर्ड का इस्तेमाल किया गया।

आरोप यह भी है कि समिति सचिवों पर दबाव बनाकर भुगतान कराया गया और सरकारी पैसे का गलत इस्तेमाल हुआ। जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित अधिकारी ने दस्तावेजों की सही जांच नहीं की और न ही हस्ताक्षर व रिकॉर्ड का मिलान किया।

वन विभाग के अनुसार, वनमंडलाधिकारी को जानकारी दिए बिना ही फर्जी प्रमाण पत्रों के आधार पर भुगतान आदेश जारी कर दिया गया। पूछताछ में अधिकारी के बयान भी बदलते पाए गए, जिससे शक और बढ़ गया।

इस पूरे मामले को गंभीर लापरवाही और संभावित साजिश मानते हुए कार्रवाई की गई है। विभाग ने इसे वित्तीय गड़बड़ी बताते हुए निलंबन आदेश जारी किया है। निलंबन अवधि में अधिकारी का मुख्यालय बिलासपुर वृत्त रहेगा और उन्हें नियम अनुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment