रायपुर।राजधानी रायपुर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। डुमरतराई के साहू पारा में एक पति ने चरित्र पर शक के चलते अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने खुद को भी चाकू मारकर आत्महत्या की कोशिश की।
मामला माना थाना क्षेत्र का है। साहू पारा में किराए के मकान में रहने वाले बालोद निवासी भुनेश्वर साहू ने देर रात विवाद के बाद अपनी पत्नी खिलेश्वरी साहू और दो बच्चों आशीष साहू (10) और ज्ञान साहू (8) पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
तीनों पर हमला करने के बाद आरोपी ने खुद को भी चाकू मार लिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा भेज दिया है। घटनास्थल को भी सील कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।







