भोपाल। राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी), भोपाल को लेकर बड़ा बदलाव होने की चर्चा है। योजना के मुताबिक इसे तीन हिस्सों में बांटा जा सकता है और तीनों का अलग-अलग नाम भी रखा जाएगा। इस फैसले को लेकर अब सियासत भी गर्म हो गई है।
इस मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री और विधायक कमलनाथ ने सरकार पर निशाना साधा है। कमलनाथ ने कहा कि भाजपा सिर्फ नाम बदलने में लगी है, असली काम यानी पढ़ाई और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।
जानकारी के अनुसार राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय को तीन हिस्सों में बांटकर भोपाल इकाई का नाम ‘मध्यभारत प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय’, उज्जैन इकाई का ‘मालवा प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय’ और जबलपुर इकाई का ‘महाकौशल प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय’ रखने की बात चल रही है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस प्रस्ताव पर शुरुआती सहमति मिलने की खबर है। अब इसे आगे कैबिनेट में मंजूरी के लिए लाया जाएगा।
इसी बीच मेडिकल यूनिवर्सिटी को तीन हिस्सों में बांटने का प्रस्ताव फिलहाल रोक दिया गया है।
कुल मिलाकर मामला अब सिर्फ शिक्षा का नहीं रहा, बल्कि राजनीति का भी मुद्दा बन गया है जहां विपक्ष इसे नाम बदलने की राजनीति बता रहा है और सरकार इसे प्रशासनिक सुधार कह रही है।



