मोदीजी की माताजी पर टिप्पणी के खिलाफ इंदौर में बीजेपी महिला मोर्चा का विशाल विरोध प्रदर्शन

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

इंदौर।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माताजी के खिलाफ की गई कथित अभद्र टिप्पणी पर देशभर में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) महिला मोर्चा ने इंदौर में कांग्रेस कार्यालय के सामने विशाल विरोध प्रदर्शन किया। महिला मोर्चा ने इसे न सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी का बल्कि पूरे देश की मातृशक्ति का अपमान करार दिया।

‘ताई’ के नेतृत्व में हुआ आंदोलन

इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व लोकसभा अध्यक्ष आदरणीय सुमित्रा महाजन ‘ताई’ ने किया। उनके साथ मंत्री तुलसी सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, विधायक मधु वर्मा, मालिनी गौड़, गोलू शुक्ला, उषा ठाकुर, आकाश विजयवर्गीय और सुदर्शन गुप्ता सहित कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कांग्रेस पर फूटा महिला मोर्चा का गुस्सा

प्रदर्शन के दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और कांग्रेस से सार्वजनिक माफी की मांग की। उनका कहना था कि इस तरह की भाषा राजनीति की मर्यादा के खिलाफ है और यह देश की माताओं-बहनों का भी अपमान है।

माफी तक जारी रहेगा विरोध

बीजेपी महिला मोर्चा ने साफ कहा कि जब तक कांग्रेस इस बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगती, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि अगर इस तरह की भाषा का इस्तेमाल दोबारा हुआ तो देशभर में और भी बड़े आंदोलन किए जाएंगे।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment