PMGSY सड़क निर्माण में घोटाले का आरोप

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बन रही सड़क अब विवादों में घिर गई है। जरहागांव के पास 130 (ए) मुख्य मार्ग से चीतवाकापा तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण में भारी अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि करोड़ों रुपये की लागत से बन रही इस सड़क में गुणवत्ता मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। सड़क के बेस में जहां गिट्टी और मजबूत मटेरियल का उपयोग होना चाहिए, वहां मिट्टी डालकर निर्माण किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि इस तरह की सड़क पहली ही बारिश में टूटकर कीचड़ में तब्दील हो जाएगी।

पानी निकासी की भी नहीं व्यवस्था

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क के एक ओर नहर और दूसरी ओर करीब 100 एकड़ कृषि भूमि होने के बावजूद जल निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। इससे न केवल सड़क को नुकसान होगा, बल्कि किसानों के खेतों तक नहर का पानी पहुंचने में भी बाधा आएगी।

रात में हो रहा निर्माण, संदेह गहराया

स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य रात के अंधेरे में कराया जा रहा है, ताकि घटिया निर्माण और खामियों को छिपाया जा सके। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने कई बार ठेकेदार और संबंधित इंजीनियर से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई सुधार नहीं हुआ है।

कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि सरकारी योजनाओं में हो रहे भ्रष्टाचार पर रोक लगाई जा सके।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment