रायपुर। क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में इस साल इंडियन प्रीमियर लीग के दो रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे।
पहला मैच 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और मुंबई इंडियंस के बीच होगा, जबकि 13 मई को RCB का मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। दोनों मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होंगे।
टिकटों की ऑनलाइन बिक्री आज से RCB की आधिकारिक वेबसाइट https://shop.royalchallengers.com/ticketऔर ऐप पर शुरू हो गई है। आयोजकों ने साफ किया है कि टिकट केवल आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ही खरीदें और किसी भी अनौपचारिक वेबसाइट या दलालों से बचें।
टिकट की कीमतें:
मैच के टिकट ₹2000 से शुरू होकर ₹8000 तक उपलब्ध रहेंगे। अलग-अलग कैटेगरी में ₹2500, ₹3500, ₹5000 और ₹8000 के टिकट भी मिलेंगे। खास बात यह है कि प्लैटिनम सीटों के सामने लगे कांच के पैनल हटा दिए गए हैं, जिससे दर्शक खिलाड़ियों को और करीब से देख सकेंगे।
एम-टिकट और सुविधाएं:
ई-टिकट (M-ticket) में गेट, स्टैंड, सीट और एंट्री से जुड़ी पूरी जानकारी मिलेगी। स्टेडियम मैप में पार्किंग, गेट, रैंप, मेडिकल सेंटर और एम्बुलेंस की जानकारी भी दी गई है, जिससे दर्शकों को सुविधा होगी।
टीम शेड्यूल:
RCB की टीम 8 मई को रायपुर पहुंचेगी और करीब 6 दिन तक यहां ठहरेगी। टीम स्टेडियम में प्रैक्टिस भी करेगी। वहीं मुंबई इंडियंस के भी 8 मई के बाद राजधानी पहुंचने की संभावना है।
क्रिकेट फैंस के लिए यह मौका किसी त्योहार से कम नहीं, जहां वे अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को लाइव एक्शन में देख सकेंगे।



