छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा क्षेत्र में हाथियों का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें जंगली हाथी सड़क पर पड़ी बाइक को आक्रामक होकर तोड़ते दिखाई दे रहे हैं। घटना दानीकुंडी प्लांटेशन रोड की बताई जा रही है, जहां हाथियों को देखकर एक बाइक सवार घबरा गया और जान बचाने के लिए वहीं बाइक छोड़कर छिप गया।
बताया जा रहा है कि बाइक सवार उस रास्ते से गुजर रहा था, तभी उसे हाथियों का दल सामने दिखाई दिया। खतरा महसूस होते ही उसने बाइक सड़क पर छोड़ दी और सुरक्षित स्थान पर जाकर छुप गया। इसके बाद हाथियों ने सड़क पर पड़ी बाइक पर हमला कर उसे तोड़ दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर हो रहा है, जिससे क्षेत्र में हाथियों को लेकर दहशत और चर्चा बढ़ गई है।
मरवाही वन मंडल में पिछले कुछ दिनों से हाथियों के बड़े दल की मौजूदगी से ग्रामीणों और किसानों में चिंता बनी हुई है। वन विभाग की ड्रोन निगरानी में दल की संख्या पहले 62 बताई गई थी, जबकि ताजा जानकारी के अनुसार इस समय मरवाही वन मंडल में करीब 65 हाथियों का दल मौजूद है।
हाथियों का दल दानीकुंडी, मटियाडांड और नाका क्षेत्र के आसपास विचरण कर रहा है। वन विभाग की टीम और हाथी मित्र दल लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। इससे पहले भी इस क्षेत्र में हाथियों द्वारा फसल, घर और अन्य संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
वन विभाग ने आसपास के गांवों के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। ग्रामीणों को हाथियों के नजदीक जाने, उनका पीछा करने या तस्वीरें व वीडियो बनाने से बचने की सलाह दी जा रही है। विशेष रूप से शाम और रात के समय जंगल की ओर जाने से परहेज करने को कहा गया है, ताकि मानव-हाथी संघर्ष की कोई गंभीर घटना न हो।






