प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी: तुंहर टोकन ऐप से अब घर बैठे मिलेगा टोकन

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से शुरू होगी, जो 15 जनवरी 2027 तक जारी रहेगी। राज्य सरकार ने किसानों को समय पर उचित दाम दिलाने और खरीदी प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

किसानों की सुविधा के लिए इस बार प्रदेश में 360 नए धान उपार्जन केंद्र खोले जा रहे हैं। इन नए केंद्रों के शामिल होने से राज्य में धान खरीदी केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 3,100 हो गई है। इससे दूरदराज के इलाकों के किसानों को उपार्जन केंद्र तक आने-जाने की दूरी और लंबी कतारों की परेशानी कम होगी।

धान बेचने के लिए किसानों को टोकन की सुविधा भी दी जा रही है। 10 नवंबर 2026 से ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल एप के माध्यम से किसान घर बैठे दिन-रात 24 घंटे ऑनलाइन टोकन बुक कर सकेंगे। एप से किसान अपने नजदीकी उपार्जन केंद्र की उपलब्ध तिथियां और दैनिक खरीदी क्षमता भी देख सकेंगे।

इस वर्ष राज्य सरकार 27.50 लाख से अधिक पंजीकृत किसानों से धान खरीदने की तैयारी कर रही है। धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी, जबकि प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान बेचने की सीमा निर्धारित है।

सरकार का कहना है कि डिजिटल फसल सर्वे, बायोमेट्रिक सत्यापन और ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से खरीदी पारदर्शी रहेगी तथा असली किसानों को ही लाभ मिलेगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment