महादेव सट्टा ऐप प्रमोटर सौरभ चंद्राकर का आज CBI कोर्ट रायपुर में पेशी!

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर।महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप घोटाले के प्रमुख आरोपी और प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को CBI की टीम मंगलवार शाम दिल्ली से रायपुर लेकर आई। उन्हें हवाई अड्डे से सीधे CBI दफ्तर लाया गया, जहां कड़ी सुरक्षा के बीच उन्हें रखा गया है।

सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पण के बाद भारत लाया गया था। सोमवार को उन्हें दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया, जहां प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश निखिल चोपड़ा ने CBI को दो दिन की ट्रांजिट रिमांड दी। अदालत ने CBI को निर्देश दिया कि वह उन्हें 4 नवंबर 2026 या उससे पहले रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश करे।

आज रायपुर की स्पेशल CBI कोर्ट में पेशी

CBI बुधवार, 4 नवंबर को सौरभ चंद्राकर को रायपुर की स्पेशल CBI कोर्ट में पेश करेगी। रायपुर की यह अदालत यह तय करेगी कि प्रत्यर्पण की शर्तों के तहत CBI के मामलों में उन पर कार्रवाई और मुकदमा चलाया जा सकता है या नहीं।

बचाव पक्ष का तर्क था कि ओमान ने सौरभ चंद्राकर का प्रत्यर्पण ED के मनी लॉन्ड्रिंग मामले के संबंध में मंजूर किया था, CBI के मामलों के लिए नहीं। इस पर CBI ने कहा कि रायपुर की स्पेशल कोर्ट ने पहले ही उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है और ED व CBI के मामले आपस में जुड़े हुए हैं।

क्या है महादेव ऐप मामला?

जांच एजेंसियों का आरोप है कि सौरभ चंद्राकर करीब 6,000 करोड़ रुपये के कथित अवैध ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का संचालन कर रहे थे। आरोप है कि सट्टे से मिली रकम को म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के जरिए विदेश भेजा गया, साथ ही सरकारी अधिकारियों को कथित सुरक्षा राशि देने का मामला भी जांच का हिस्सा है।

CBI ने अदालत को बताया कि सौरभ चंद्राकर के खिलाफ चार्जशीट दाखिल हो चुकी है और रायपुर की स्पेशल CBI जज द्वारा 9 सितंबर 2026 को जारी गैर-जमानती वारंट लंबित है। अब आज की पेशी के बाद उनकी CBI रिमांड, न्यायिक अभिरक्षा या अन्य कानूनी कार्रवाई पर अदालत फैसला करेगी।

राजनीतिक और जांच संबंधी असर

सौरभ चंद्राकर का छत्तीसगढ़ वापस आने से राज्य की राजनीति में भी चर्चा तेज हो गई है। जांच एजेंसियों का कहना है कि उनसे पूछताछ के बाद महादेव सट्टा ऐप के फंडिंग, हवाला नेटवर्क और संभावित संरक्षण से जुड़े पहलू सामने आ सकते हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment