सीजीपीएससी भर्ती घोटाला: पूर्व परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक समेत 5 गिरफ्तार, आज विशेष कोर्ट में होगी पेशी

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) भर्ती घोटाले में सीबीआई (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार को आयोग की पूर्व परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, सीबीआई टीम ने आरती वासनिक के साथ ही डिप्टी कलेक्टर चयनित सुमित ध्रुव और तीन अन्य आरोपियों से लंबी पूछताछ की। पूछताछ के बाद सभी को हिरासत में ले लिया गया। सुमित ध्रुव, सीजीपीएससी के पूर्व सचिव का बेटा बताया जा रहा है। पांचों आरोपितों को शुक्रवार को विशेष अदालत में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस रिमांड की अर्जी लगाई जाएगी।

गौरतलब है कि सीबीआई ने दिसंबर 2024 में भी आरती वासनिक से पूछताछ की थी। वहीं जुलाई 2024 में सीबीआई ने 2020-2022 की परीक्षाओं में डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी और अन्य उच्च पदों पर चयन में भ्रष्टाचार और हेराफेरी के आरोपों की जांच अपने हाथ में ली थी।

इस मामले में अब तक आधा दर्जन से ज्यादा गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, जिनमें तत्कालीन अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी, उनके भतीजे नितेश सोनवानी और साहिल सोनवानी, परीक्षा उप नियंत्रक ललित गणवीर, उद्योगपति श्रवण कुमार गोयल, उनका बेटा शशांक गोयल और बहू भूमिका कटियार शामिल हैं।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, महादेव एप सट्टेबाजी केस में भी सीबीआई ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है, हालांकि इस पर अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment