पीएम मोदी ने रखी IIT भिलाई चरण-बी निर्माण की नींव, 2257.55 करोड़ से बदलेगा कैंपस का स्वरूप

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

भिलाई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से आईआईटी भिलाई चरण-बी निर्माण की आधारशिला रखी। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने सात अन्य आईआईटी—पटना, इंदौर, जोधपुर, तिरुपति, पलक्कड़, धारवाड़ और जम्मू के चरण-बी का भी शुभारंभ किया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण आईआईटी भिलाई के नालंदा व्याख्यान कक्ष से हुआ, जहां छत्तीसगढ़ के तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा मौजूद रहे।

सरकार ने इस परियोजना के लिए ₹2257.55 करोड़ स्वीकृत किए हैं, जिसमें से ₹1092 करोड़ परिसर निर्माण पर खर्च होंगे। निर्माण के बाद परिसर का क्षेत्रफल 1,51,343 वर्ग मीटर बढ़ेगा और इसमें नए विभाग, अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं, छात्रावास, मेस, खेल परिसर, ओपन एयर थिएटर, आवासीय भवन, स्वास्थ्य केंद्र और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स शामिल होंगे।

छात्रों की संख्या दोगुनी होगी

चरण-बी पूरा होने के बाद छात्रों की संख्या 1500 से बढ़कर 3000 हो जाएगी। इसके तहत ₹96 करोड़ की लागत से अनुसंधान पार्क भी तैयार होगा, जो छत्तीसगढ़ का पहला रिसर्च पार्क होगा। इस पूरे प्रोजेक्ट को अक्टूबर 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

आईआईटी भिलाई की उपलब्धियां

2016 में स्थापित आईआईटी भिलाई को चरण-ए के लिए ₹1090.17 करोड़ स्वीकृत हुए थे। फरवरी 2024 में प्रधानमंत्री मोदी ने दुर्ग जिले के कुटेलभाटा स्थित तैयार कैंपस को राष्ट्र को समर्पित किया था। संस्थान को जीआरआईएचए का फाइव-स्टार पुरस्कार और कई राष्ट्रीय सम्मान भी मिल चुके हैं।

वर्तमान में यहां 300 से अधिक प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है, जिनकी लागत ₹185 करोड़ है। साथ ही 30 से ज्यादा पेटेंट दाखिल किए जा चुके हैं। फिलहाल 1525 छात्र पढ़ाई कर रहे हैं, जो चरण-बी पूर्ण होने पर 3000 तक पहुंच जाएंगे।

आईआईटी भिलाई शिक्षा, अनुसंधान और उद्योग सहयोग के माध्यम से न केवल राज्य बल्कि पूरे देश के विकास में योगदान देगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment