कोरबा: कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में हुए गोलीकांड के मास्टरमाइंड को पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। कटघोरा के कसनिया इलाके में फायरिंग की इस वारदात में पुलिस अब तक शूटर समेत 3 आरोपियों को पकड़ चुकी है। घटना के बाद से ही मुख्य आरोपी शक्ति सिंह फरार था, जिसे पुलिस ने रायपुर में दबिश देकर गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों पहले कटघोरा के कसनिया क्षेत्र में रहने वाले सिकंदर मेमन के घर पर अज्ञात बदमाशों ने देशी कट्टे से दो राउंड फायरिंग की थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी शूटर दुर्गेश पांडे को उसी रात गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर पुलिस ने कोरबा से 2 अन्य आरोपियों को भी पकड़ा था।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि इस पूरे मामले के पीछे भाजपा नेता शक्ति सिंह की अहम भूमिका थी। उसने 10 हजार रुपये देकर यूपी से शूटर बुलवाया और फायरिंग की सुपारी दी थी। पुलिस लगातार शक्ति सिंह की तलाश कर रही थी, इसी बीच उसे रायपुर से गिरफ्तार कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपी शक्ति सिंह भारतीय जनता पार्टी कोसाबाड़ी मंडल की कार्यकारिणी में महामंत्री है। पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि पूछताछ में कटघोरा गोलीकांड की पूरी साजिश का पर्दाफाश होगा।



