छत्तीसगढ़ में बस किराया बढ़ा, नई दरें लागू

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर।छत्तीसगढ़ में बस से सफर करने वाले यात्रियों को अब पहले से ज्यादा किराया देना होगा। परिवहन विभाग ने 8 अक्टूबर को नई किराया दरों की अधिसूचना जारी की है। इसके तहत साधारण बसों से लेकर डीलक्स, वातानुकूलित और सुपर लग्जरी बसों के किराये में बदलाव किया गया है। हालांकि, कुछ विशेष श्रेणियों के यात्रियों को मुफ्त यात्रा और किराये में छूट की सुविधा भी मिलेगी।

साधारण बसों का नया किराया

नई दरों के अनुसार, साधारण बस में पहले 5 किलोमीटर के लिए 10 रुपये किराया देना होगा। इसके बाद हर किलोमीटर के लिए 1.75 रुपये चुकाने होंगे।

वहीं, वॉल्वो, स्कैनिया और मर्सिडीज जैसी सुपर लग्जरी एसी बसों में शुरुआती 5 किलोमीटर का किराया 12 रुपये तय किया गया है। इसके बाद हर किलोमीटर के लिए 3.30 रुपये देने होंगे।

डीलक्स बसों में पहले 5 किलोमीटर के लिए 12 रुपये और इसके बाद 2.20 रुपये प्रति किलोमीटर किराया लगेगा। गैर-एसी डीलक्स स्लीपर और सेमी-स्लीपर बसों में सीट या बर्थ के लिए 2.20 रुपये प्रति किलोमीटर की दर तय की गई है। वहीं, एसी स्लीपर और सेमी-स्लीपर बसों में प्रति किलोमीटर 3.20 रुपये किराया देना होगा।

इसके अलावा, साधारण रात्रिकालीन बसों में सामान्य बसों की तुलना में 10 प्रतिशत अधिक किराया लगेगा।

इन यात्रियों को मिलेगी मुफ्त यात्रा की सुविधा

परिवहन विभाग की अधिसूचना के अनुसार, दिव्यांगजन, 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग और एचआईवी-एड्स से पीड़ित यात्रियों को सहायक सहित निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। इसके लिए निर्धारित सक्षम अधिकारी का फोटोयुक्त प्रमाणपत्र दिखाना जरूरी होगा।

नक्सल प्रभावित लोगों को 50 प्रतिशत छूट

नक्सल प्रभावित व्यक्तियों को भी बस किराये में राहत दी जाएगी। इसके लिए संबंधित जिले के पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा और कलेक्टर का प्रमाणपत्र जरूरी होगा। निर्धारित नियमों के तहत ऐसे यात्रियों को राज्य के भीतर यात्रा करने पर किराये में 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी।

सफर से पहले जरूर जान लें किराया

नई दरें लागू होने के बाद यात्रियों को बस की श्रेणी के हिसाब से किराया देना होगा। इसलिए यात्रा शुरू करने से पहले बस का प्रकार और उस पर लागू किराये की जानकारी जरूर ले लें। वहीं, मुफ्त यात्रा या किराये में छूट का लाभ लेने वाले यात्रियों को जरूरी प्रमाणपत्र साथ रखना चाहिए।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment