बिहार के वैशाली में नाव पलटी, 13 की मौत

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

हाजीपुर।बिहार के वैशाली जिले में मंगलवार देर शाम बड़ा हादसा हो गया। राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद पंचायत में गंगा नदी में एक नाव पलट गई। इस हादसे में 13 लोगों की मौत की सूचना है। मृतकों में ज्यादातर बच्चे बताए जा रहे हैं। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के मुताबिक, रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला स्थित माता महारानी स्थान के पास सिंघेश्वर राय के यहां श्राद्ध का भोज आयोजित किया गया था। भोज में शामिल होने के लिए लोग छोटी नाव से ढाब के दूसरी ओर जा रहे थे। इसी दौरान नाव बीच पानी में पलट गई। बताया जा रहा है कि नाव में करीब 20 से 25 लोग सवार थे।

स्थानीय लोगों ने शुरू किया बचाव कार्य

नाव पलटने की खबर मिलते ही आसपास के गांवों के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कई लोगों को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को आनन-फानन में राघोपुर फतेहपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

हादसे की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

मृतकों के परिजनों को मिलेगी आर्थिक सहायता

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया पर इस हादसे को बेहद दुखद बताया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की मदद में जुटा है।

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं, हादसे में घायल लोगों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment