रायपुर।अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस और सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से रायपुर में ‘सियान सेवा महाकुंभ’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल शामिल हुए। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया और व्हीलचेयर, वॉकिंग स्टिक तथा श्रवण यंत्र वितरित कर उनका सम्मान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि रायपुर की जनता और बुजुर्गों का आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि लोगों ने उन्हें करीब 40 वर्षों से अपना स्नेह दिया है और 8 बार विधायक, 5 बार मंत्री और अब 9वीं बार सांसद बनाकर सेवा का अवसर दिया है।


सांसद ने कहा कि जिस घर में बुजुर्गों का सम्मान होता है, वहां सुख-समृद्धि बनी रहती है। जीवन में मुश्किल समय आने पर बुजुर्गों का अनुभव सही रास्ता दिखाता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में परिवार छोटे होते जा रहे हैं, ऐसे में माता-पिता और बुजुर्गों का सम्मान करना और भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि घर के बुजुर्ग हमारे लिए भगवान के समान हैं और उनकी सेवा से परिवार में सुख-शांति बनी रहती है।
बुजुर्गों के लिए तीर्थ यात्रा योजना का किया जिक्र
बृजमोहन अग्रवाल ने पूर्ववर्ती डॉ. रमन सिंह सरकार के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि बुजुर्गों के सम्मान और उनकी धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए उनके मंत्री रहते तीर्थ यात्रा योजना शुरू की गई थी। इसके जरिए हजारों बुजुर्गों को तिरुपति, केदारनाथ, बद्रीनाथ और काशी विश्वनाथ जैसे धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए गए।


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान प्रधानमंत्री के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने का भी उल्लेख किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गांव, गरीब, किसान, युवा, महिलाओं, दिव्यांगों और बुजुर्गों समेत सभी वर्गों के लिए काम कर रहे हैं।
80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को मिलेगा बस भ्रमण पास
सांसद ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए शुरू की जा रही योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए विशेष कार्ड की व्यवस्था की जा रही है। इसके जरिए उन्हें देशभर में बस से भ्रमण की सुविधा मिल सकेगी।

उन्होंने श्रम विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र बुजुर्गों से पंजीयन कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि 60 वर्ष से अधिक उम्र के पात्र बुजुर्गों को 1500 रुपये मासिक पेंशन और 59 से 60 वर्ष की उम्र के पात्र श्रमिकों को 20 हजार रुपये की एकमुश्त सहायता का प्रावधान है।
कार्यक्रम में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ममता साहू, छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष लोकेश कावड़िया सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।





