रायपुर में साहित्य का महाकुंभ आज से, 3 दिन, दर्जनों सत्र और चाणक्य का मंचन

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साहित्य, कला और विचारों का संगम देखने को मिलेगा। पुरखौती मुक्तांगन परिसर में 23 से 25 जनवरी तक रायपुर साहित्य उत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। तीन दिवसीय इस उत्सव की शुरुआत प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से होगी।

उत्सव का शुभारंभ राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश करेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की भी उपस्थिति रहेगी।
विशेष आकर्षण के रूप में 23 जनवरी की शाम 7 बजे विनोद कुमार शुक्ल मंडप में प्रसिद्ध अभिनेता मनोज जोशी द्वारा ‘चाणक्य’ नाटक का मंचन किया जाएगा।

इस साहित्यिक महोत्सव में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा की कुलपति डॉ. कुमुद शर्मा, सहित देश-प्रदेश के नामचीन साहित्यकार, कवि, पत्रकार और रंगकर्मी भाग लेंगे।

साहित्य, कला और संस्कृति का विस्तृत आयोजन

रायपुर साहित्य उत्सव के दौरान राष्ट्रीय पुस्तक मेला, इंगेजमेंट जोन, ओपन टैलेंट मंच, पेंटिंग वर्कशॉप और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। आगंतुकों की सुविधा के लिए फूड जोन की भी व्यवस्था की गई है।

मुख्य मंच विनोद कुमार शुक्ल की स्मृति में तैयार किया गया है। इसके अलावा लाला जगदलपुरी मंडप, श्यामलाल चतुर्वेदी मंडप और अनिरुद्ध नीरव मंडप में साहित्यिक परिचर्चाएं और गोष्ठियां होंगी।

प्रतिदिन चार सत्रों में होगा संवाद

उत्सव के हर दिन चार सत्र आयोजित किए जाएंगे —

  • पहला सत्र: 12:30 बजे
  • दूसरा सत्र: 2:15 बजे
  • तीसरा सत्र: 3:45 बजे
  • चौथा सत्र: 5:15 से 6:30 बजे तक

23 और 24 जनवरी को विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

तीन दिनों में होंगे दर्जनों विमर्श

उत्सव के दौरान समकालीन महिला लेखन, डिजिटल साहित्य, जनजातीय विमर्श, छत्तीसगढ़ी साहित्य, मीडिया, सिनेमा, एआई, भारतीय ज्ञान परंपरा, संविधान, पत्रकारिता, नाट्यशास्त्र, लोकगीत, बाल साहित्य और माओवादी आतंक जैसे विषयों पर गहन परिचर्चाएं होंगी।
इसके साथ ही काव्य पाठ, छत्तीसगढ़ी कविता पाठ और सांस्कृतिक संध्याएं भी उत्सव का हिस्सा होंगी।

मुख्यमंत्री साय बोले – सांस्कृतिक पहचान को मिलेगा नया आधार

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में रायपुर साहित्य उत्सव 2026 के एंथम सॉन्ग का औपचारिक विमोचन किया। उन्होंने कहा कि देशभर के साहित्यकारों और बुद्धिजीवियों का रायपुर में जुटना राज्य के लिए गर्व की बात है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उत्सव केवल साहित्यिक संवाद का मंच नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को भाषा, विचार और संस्कृति से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह और संयुक्त सचिव रवि मित्तल भी मौजूद रहे।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment