रायपुर।राजधानी रायपुर के आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में 18 से 22 दिसंबर तक आयोजित हो रहे मेगा हेल्थ कैंप में लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। महज दो दिनों में लगभग 27 हजार मरीजों ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। पहले दिन 9,246 और दूसरे दिन 17,526 मरीजों की जांच की गई।
हेल्थ कैंप के आंकड़े चौंकाने वाले हैं। अब तक सामने आए ट्रेंड के अनुसार हर दो में से एक मरीज बीपी या शुगर से पीड़ित पाया गया। बीपी जांच के लिए 5,300 और शुगर जांच के लिए 4,337 लोग पहुंचे, जो कुल मरीजों का करीब 55 प्रतिशत है।
बच्चों के लिए स्वर्ण प्राशन संस्कार जारी
रविवार को आयुर्वेद विभाग में 0 से 16 वर्ष तक के बच्चों के लिए स्वर्ण प्राशन संस्कार का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में अभिभावक बच्चों को लेकर पहुंच रहे हैं।

मूणत और अजय चंद्राकर ने किया निरीक्षण
शनिवार (20 दिसंबर) को कुरूद विधायक एवं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने शिविर का दौरा किया। इस दौरान आयोजनकर्ता एवं रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत के साथ उन्होंने विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जांच एवं डायग्नोस्टिक सेवाओं में भीड़
शिविर में पैथोलॉजी, सोनोग्राफी, एक्स-रे, ECG और इको जैसी जांच सुविधाओं का लाभ हजारों मरीजों ने उठाया।
पैथोलॉजी में 941, सोनोग्राफी में 330, एक्स-रे में 277 और ECG में 88 मरीजों की जांच की गई।
आंख, दांत और फिजियोथेरेपी में सबसे ज्यादा मरीज
नेत्र रोग, दंत चिकित्सा और फिजियोथेरेपी विभागों में कुल मिलाकर करीब 14 प्रतिशत मरीज पहुंचे। नेत्रम और नेत्र रोग विभाग में 1,600 से अधिक, जबकि डेंटल और फिजियोथेरेपी में 450-450 मरीजों का इलाज हुआ।
सुपर स्पेशलिटी सेवाएं भी निशुल्क
मेडिसिन, शिशु रोग, हड्डी, पेट, न्यूरोलॉजी, श्वसन, हृदय रोग और सर्जरी समेत सुपर स्पेशलिटी सेवाओं में भी मरीजों की लगातार आमद बनी रही। देशभर से आए विशेषज्ञ डॉक्टर गंभीर बीमारियों की जांच और परामर्श दे रहे हैं।
वैकल्पिक चिकित्सा को भी मिला भरोसा
आयुर्वेदिक, होम्योपैथी, एक्यूप्रेशर और एक्यूपंक्चर जैसी वैकल्पिक चिकित्सा पद्धतियों में भी हजारों लोगों ने परामर्श लिया।
दिव्यांगों के लिए उम्मीद की नई राह
दिव्यांगजनों के लिए जयपुर फुट, कृत्रिम अंग, व्हीलचेयर, बैसाखी और श्रवण यंत्र का निशुल्क वितरण किया जा रहा है। मौके पर ही नाप लेकर अस्थायी वर्कशॉप में कृत्रिम अंग तैयार किए जा रहे हैं।
AI से 2 मिनट में डेंटल रिपोर्ट, कैंसर जांच फ्री
शिविर की खासियत यह है कि दंत विभाग में AI आधारित डेंटल मशीन से महज दो मिनट में रिपोर्ट तैयार कर मरीजों को वॉट्सऐप पर भेजी जा रही है। महिलाओं के लिए स्तन कैंसर की जांच मैमोग्राफी और थर्मल स्कैनिंग से की जा रही है। मुंह, गले और बच्चेदानी के कैंसर की स्क्रीनिंग भी पूरी तरह निशुल्क है।
सुबह से शाम तक लगी कतारें
सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक पंजीयन, जांच और परामर्श काउंटरों पर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। खास बात यह है कि मरीजों और उनके परिजनों के लिए फल, नाश्ता और पूरा भोजन भी निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।

22 दिसंबर तक चलेगा शिविर
आयोजकों के अनुसार, यह शिविर 22 दिसंबर तक प्रतिदिन आम जनता के लिए खुला रहेगा। देश के 42 प्रतिष्ठित अस्पतालों के 55 विशेषज्ञ डॉक्टर और 1,500 से अधिक पैरा मेडिकल स्टाफ इस महाअभियान में सेवाएं दे रहे हैं। आयोजकों का दावा है कि यह देश का अब तक का सबसे बड़ा हेल्थ कैंप है।



