रायपुर।छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में प्रयास संस्था स्कूल से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 9वीं कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र पर तांत्रिक क्रिया करने का आरोप लगाते हुए उसे संस्था से बाहर कर दिया गया और ट्रांसफर सर्टिफिकेट दे दिया गया। इस मामले को लेकर छात्र के परिजनों ने मुख्यमंत्री शिकायत सेल में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है।
3 सितंबर को कराया गया था दाखिला
परिजनों के मुताबिक, बच्चे का प्रयास संस्था में 3 सितंबर को दाखिला कराया गया था। कुछ समय बाद संस्था की ओर से उस पर तांत्रिक क्रिया करने का आरोप लगाया गया। इसके बाद छात्र को संस्था से बाहर कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि इस कार्रवाई से पहले उन्हें मामले की जानकारी नहीं दी गई। उन्हें बच्चे पर कार्रवाई किए जाने के बाद इसकी सूचना मिली।
जबरन हस्ताक्षर और धमकाने का आरोप
परिजनों ने संस्था के अधिकारियों पर कुछ दस्तावेजों पर जबरन हस्ताक्षर कराने का आरोप भी लगाया है। साथ ही, प्राचार्य प्रमिला शुक्ला पर धमकाने का आरोप लगाया गया है। परिवार का कहना है कि उन्हें अपना पक्ष रखने का अवसर नहीं दिया गया।
घटना के बाद परिजन बच्चे को लेकर महासमुंद लौट गए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री शिकायत सेल में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराते हुए पूरे मामले की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।





