भिलाई।भिलाई के सुपेला चौक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे पुतला दहन के दौरान विवाद हो गया। पुतला दहन रोकने पहुंची पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तड़के से झूमाझटकी शुरू हो गई। इसी दौरान सुपेला थाने में पदस्थ एक आरक्षक आग में गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के बाद घायल आरक्षक को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि घायल आरक्षक की शिकायत के आधार पर सुपेला थाना पुलिस ने पुतला दहन में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इसके लिए मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
फिलहाल आरक्षक को कितनी गंभीर चोट आई है और वह किस तरह झुलसा, इसकी विस्तृत जानकारी पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी।






